Monday, October 17, 2011

मानवदेह देव दुर्लभ है। अत: अमूल्य है। इसी देह में साधना हो सकती है। अत: उधार नहीं करना है। तत्काल साधना में जुट जाना है। निराशा को पास नहीं फटकने देना है। मन को सद्गुरु एवं शास्त्रों के आदेशानुसार ही चलाना है। अभ्यास एवं वैराग्य ही एकमात्र उपाय है। सदा यही विश्वास बढ़ाना है कि वे अवश्य मिलेंगे। उनकी सेवा अवश्य मिलेंगी।
-----जगद्गुरु श्री कृपालुजी महाराज।


सब साधन जनु देह सम, रूपध्यान जनु प्राण।
खात गीध अरु स्वान जनु ,कामादिक शव मान।।

श्री कृष्ण प्राप्ति की समस्त साधनाएँ (यम,नियम,कर्म,योग,ज्ञान,व्रतादि) प्राणहीन शव के समान हैं। यदि रूपध्यान रहित हैं। वेद से लेकर रामायण तक सभी ग्रंथ एक स्वर से कहते हैं कि भगवान का ध्यान करना चाहिए।

------(भक्ति-शतक), जगद्गुरु श्री कृपालुजी महाराज।






मन की निर्मलता की कसौटी है- भगवत विषय में मन का लगाव। यह कसौटी क्ष्रेष्ठ है। ईश्वरीय तत्त्व को पाने के लिये हमारे मन में कितनी छटपटाहट है।यही मन की निर्मलता की सबसे बड़ी कसौटी है।
------जगद्गुरु श्री कृपालुजी महाराज।


सुनो मन ! यह वेदन को सार |
कहत ‘ रसो वै स: ’ यह वेदन, या पर करिय विचार |
रसिक शिरोमणि ब्रह्म श्याम बिनु, रस न पाउ संसार |
‘उपासते पुरुषं’ येहि श्रुति को, इहै अर्थ उर धार |
सकल कामनाहीन दीन बनि, भजिये नंदकुमार |
...
तब ‘कृपालु’ तुम पाव प्रेम रस, बस गोलोक मझार ||

भावार्थ- अरे मन ! सब वेदों का यही निष्कर्ष है | वेद में जो ‘रसो वै स:’ कहा गया है, इस पर गम्भीर विचार कर | इसका भाव यही है कि रसिक शिरोमणि ब्रह्म श्यामसुन्दर के बिना संसार में कहीं भी वास्तविक सुख नहीं है | ‘ उपासते पुरुषम् ’ इस श्रुति का भी यही अर्थ है कि समस्त कामनाओं से रहित होकर नंद कुमार का भजन करो | ‘श्री कृपालु जी’ कहते हैं कि तभी उनकी कृपा से तू प्रेम रस पा सकेगा एवं पश्चात् सदा के लिये गोलोक में निवास करेगा |

(प्रेम रस मदिरा सिद्धान्त-माधुरी)
जगद्गुरु श्री कृपालु जी महाराज
सर्वाधिकार सुरक्षित- राधा गोविन्द समिति.

Sunday, October 16, 2011



अहो हरि ! कहौं कौन पै जाय |
सुनत पुरानन कान स्वर्ग कहुँ, जहँ वैभव बहुताय |
पै तहँ वेद विधान कठिन पुनि, छीन पुन्य जग आय |
पुत्र कलत्र मित्र स्वारथ रत, पुनि रंकन को राय |
हौं अज्ञानी, मुक्ति ज्ञान ते, पुनि मोहिं सो न सुहाय |
...
तुम ही सों ‘कृपालु’ हौं कहिहौं, औरन कहे बलाय ||

भावार्थ- हे श्यामसुन्दर ! तुम्हारे सिवाय और कौन है जो हमारी दीन पुकार सुन सकेगा ? शास्त्रों-वेदों के द्वारा सुनते हैं कि स्वर्ग में महान् वैभव है, किन्तु तन्निमित कर्मों में बड़े-बड़े विधानों की अपेक्षा है, फिर पुण्य-क्षीण होने पर कूकर-शूकर आदि योनियों में जाना पड़ता है | स्त्री, पुत्र, मित्रादि घोर-स्वार्थी हैं और फिर स्वयं भिक्षुक हैं | सुनते हैं ज्ञान से मुक्ति हो जाती है, किन्तु हम तो अज्ञानी हैं, और फिर मुझे स्वप्न में भी मुक्ति अच्छी नहीं लगती | ‘श्री कृपालु जी’ कहते हैं – हम तो तुम्हारे द्वार पर धरना दिये बैठे हैं, केवल तुम्हीं से अनन्त-काल तक माँगने का निश्चय कर रखा है | अन्य लोगों से, वे चाहे स्वर्गीय देवता ही क्यों न हों, मैं भूलकर भी नहीं माँग सकता |

(प्रेम रस मदिरा दैन्य-माधुरी)
जगद्गुरु श्री कृपालु जी महाराज
सर्वाधिकार सुरक्षित- राधा गोविन्द समिति.


जैसे जलयान खग गोविंद राधे। उडि थकि जलयान आवे बता दे।।
जीव जग सुख नहीं गोविंद राधे। पावे तब आवे हरि शरण बता दे।।

समुद्र के जहाज पर कोई पक्षी बैठा था और जहाज़ चल पड़ा और वो पचासों सेकड़ों मील चला गया जहाज़, तो पक्षी सोच रहा है मैं खाऊँ पीऊँ क्या? ये तो पानी ही पानी है चारों ओर, और पानी में खड़ा भी नहीं हो सकता और समुद्र में कब तक बैठा रहुंगा, ऐसे जहाज़ पे से उड़ा और बहुत दूर तक चला गया जब थक गया, उसने कहा...
अब क्या करें? खड़े होने तक की जगह नहीं हैं, फिर आके जहाज़ पर बैठ गया और कोई गति नहीं बेचारे की, चारों और पानी ही पानी है, कहीं स्थल नहीं, पेड़ नहीं, खाने-पीने का सामान नहीं।
उसी प्रकार ये जीव भगवान से विमुख होकर उड़ा 84 लाख योनियों में घूमा, थक गया, कहीं सुख नहीं मिला तो फिर भगवान की शरण में गया कि संसार में कहीं सुख नहीं है, हमको धोखा था, अब समझ में आ गया। पहले संसार में सुख ढूंढता है, युवावस्था आयी ब्याह किया, बीबी पति हुआ यहाँ सुख मिल जायेगा, वहाँ भी चप्पल-जूते मिले, कोई सुख नहीं मिला। आगे बाल बच्चे हुए, इनसे सुख मिल जायेगा, खूब लाड़ प्यार किया बच्चों को, बड़े होकर वो भी नमस्ते करके चले गए, किसी ने साथ नहीं दिया, अब भगवान कि शरण में आया।

-------जगद्गुरु श्री कृपालुजी महाराज।

Saturday, October 15, 2011



हरि-गुरु को सदा अपने साथ महसूस करो। यानि कभी अपने आप को अकेला मत समझो। जब कभी मक्कारी का विचार पैदा हो, तुरंत यह सोचो कि वे देख रहे हैं।
------जगद्गुरु श्री कृपालुजी महाराज।



सेठ जी को फिक्र थी एक-एक का दस-दस कीजिये।
मौत आ पहुँची कि हजरत जान वापस दीजिये।।

मानव देह की क्षणभंगुरता पर विचार करते हुए तुरंत वास्तविक महापुरुष द्वारा निर्दिष्ट साधना प्रारम्भ करो, संसारी कमाई पर नहीं, ईश्वरीय कमाई पर ध्यान दो। वो ही साथ जायेगी।



भगवान और जीव को बीच में जोड़ने वाली चीज एक मात्र 'सेवा' ही है, उसी को 'भक्ति' भी कहते हैं। अर्थात सेवा ही भक्ति है, भक्ति ही सेवा है।


सुनो सब जीव हमारी बात |
‘यमेवैष वृणुते’ मम वाणी, विश्व विदित विख्यात |
याको अर्थ शरण ह्वै जोइ भज, सोइ मोहिं पाइ सकात |
‘गुह्याद् गुह्यतमं’ गीता में, कह्यो गुप्त मत तात |
ताको अर्थ इहै मन बुधि दै, भजहु मोहिं दिन रात |
... करहु ‘कृपालु’ भजन तुम निशिदिन, देहु तर्क धरि पात ||

भावार्थ- भगवान् जीवों से कहते हैं कि जीवात्माओं ! तुम लोग हमारी बात सुनो ! ‘यमेवैष वृणुते’ यह मेरी वेद वाणी विश्वविदित है, जिसका वास्तविक अर्थ यह है कि जो जीव मेरी शरण होकर मेरी भक्ति करता है, वही मुझे प्राप्त कर सकता है | और मैंने गीता में जो अत्यन्त गुप्त मत अर्जुन को बताया है, उसका भी भाव यही है कि जो मन बुद्धि का समर्पण करके मेरी भक्ति करता है, मैं उसी पर कृपा करता हूँ | ‘श्री कृपालु जी’ कहते हैं कि अब तुम निरन्तर भजन करो, तर्क कुतर्क समाप्त कर दो |

(प्रेम रस मदिरा सिद्धान्त-माधुरी)
जगद्गुरु श्री कृपालु जी महाराज
सर्वाधिकार सुरक्षित- राधा गोविन्द समिति.

Friday, October 14, 2011


चलु प्रेम नगर की गैल रे |
इंद्रिन विषयन हित क्यों भटकत, ज्यों कोल्हू को बैल रे |
कोटि उपाय करे कोउ तबहूँ, पाव न सिकतहिँ तैल रे |
युग युग मथै वारि कहँ तबहूँ, पाव न कोउ घृत मैल रे |
भुक्ति मुक्ति इन दोउन जानिय, अति ही प्रबल चुड़ैल रे |
... अब ‘कृपालु’ मन भज उनहिंन कहँ, जो कुब्जा के छैल रे ||

भावार्थ- अरे मन ! प्रेम नगर के मार्ग में चल | इंद्रियों के विषयों के लिए तू कोल्हू के बैल के समान क्यों चक्कर खा रहा है | करोड़ों उपाय करने पर भी कोई बालू से तेल नहीं निकाल सकता एवं करोड़ों युग तक पानी को मथने पर भी कोई घी का मैल भी नहीं प्राप्त कर सकता | अरे मन ! यह भुक्ति एवं मुक्ति अत्यन्त ही प्रबल चुड़ैलें हैं | ‘श्री कृपालु जी’ कहते हैं कि इसलिए हे मन ! कुब्जा के छैल श्यामसुन्दर का निरन्तर भजन कर |


(प्रेम रस मदिरा सिद्धान्त-माधुरी)
जगद्गुरु श्री कृपालु जी महाराज
सर्वाधिकार सुरक्षित- राधा गोविन्द समिति.

मन का अटैचमेंट किसमें करें?

एक तमोगुणी, एक रजोगुणी, एक सत्त्वगुणी, एक गुणातीत । ये चार पर्सनैलिटी, चार कक्षाएँ हैं। अगर हमने अपने मन का अटैचमेन्ट तामसी व्यक्ति या तामसी...